नैनीताल के चार्टन लॉज अवागढ़ कंपाउंड में हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी की तरह शनिवार दोपहर भूस्खलन से दो मंजिला भवन पलभर में जमींदोज हो गया। इस भवन की चपेट में आने से दो अन्य भवन भी क्षतिग्रस्त हो गए। भूस्खलन के बाद 12 से ज्यादा मकान खतरे की जद में आ गए हैं। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है और आसपास के घरों को खाली करा दिया है। मौके पर बचाव कार्य भी शुरू कर दिए गए हैं।
झारखंड में एक की मौत...
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना है इसके चलते झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के साथ ही नागपुर में भारी बारिश हुई है। झारखंड के पलामू जिले में भारी बारिश के चलते एक घर दीवार गिर गई, जिसके नीचे दब कर 40 साल के व्यक्ति की मौत हो गई और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा तब हुआ जब दोनों गहरी नींद में थे। कोडरमा जिले में 27 साल पुराना एक पुल भी भारी बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हो गया है। इसी तरह राज्य के कुछ अन्य जिलों में भी मूसलाधार बारिश के चलते संपत्तियों का भारी नुकसान हुआ है।
पस्सियां गिरने से जम्मू-श्रीनगर एनएच प्रभावित
रामबन के शालगढ़ी इलाके में शनिवार शाम को पस्सियां गिरने के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग करीब चार घंटे बंद रहा, जिसके कारण यात्रियों व चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान उधमपुर में भी वाहनों को रोक कर रखा गया। रात नौ बजे राजमार्ग खुलने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली। शाम करीब पांच बजे अचानक से पस्सियां गिरने पर राजमार्ग बंद हो गया। इसके बाद दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने फोरलेन राजमार्ग का निर्माण कर रही कंपनी के साथ संपर्क कर राजमार्ग को खुलवाने का काम शुरू कर दिया। जब इसकी जानकारी उधमपुर में मिली तो शहर के जखैनी इलाके से वाहनों के घाटी की तरफ जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया।
इसके बाद कंपनी की मशीनरी को राजमार्ग को खोलने में घंटों लग गए। रात करीब नौ बजे राजमार्ग को खोलने में कामयाबी मिली। पुलिस ने सबसे पहले रामबन में दोनों तरफ रोके गए वाहनों को जम्मू और श्रीनगर की तरफ रवाना किया। इसके बाद रात के समय उधमपुर में रोके गए वाहनों को भी घाटी की तरफ रवाना कर दिया।