-अपराध शाखा ने मुकुंदपुर से पकड़ा, 2.450 किलोग्राम चरस बरामद, बिहार से खेप लेकर बेचने आए थे दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मादक पदार्थ की आपूर्ति में बिहार के क्रिकेटर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने 12 लाख रुपये की कीमत के 2.450 किग्रा चरस बरामद की है। इनकी पहचान गोपालगंज बिहार निवासी बिलाल अहमद और अशफाक अहमद के रूप में हुई। आरोपी अशफाक बिहार में अंडर 23 और 2021-22 में सी के नायडू ट्रॉफी में अंडर-25 खेल चुका है।
पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने बताया, मोबाइल नंबरों की निगरानी के दौरान आरोपियों के गोपालगंज, बिहार से खेप लाने की जानकारी मिली। पुलिस ने दोनों को मुकुंदपुर फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि बरामद चरस नरकटियागंज बिहार से दिल्ली एनसीआर में बेचने के लिए लाई गई थी। वह अपने एक सहयोगी को खेप की आपूर्ति करने के लिए मुकुंदपुर आए थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बिलाल तीन बार सऊदी अरब जा चुका है। वहां से आने के बाद वह गोपालगंज में अपने पिता की केक की दुकान चलाने लगा। पैसे की आमदनी नहीं होने से वह परेशान था। उसकी मुलाकात अशफाक से हुई। उसने उसे नेपाली नारायण खवास से मिलवाया। बिलाल और अशफाक ने 60 हजार देकर चरस खरीदी। दिल्ली में संजीत से सौदे तय होने पर वह चरस लेकर दिल्ली आए और संजीत से मिलने वाले थे।