शाहदरा जिले के गीता कालोनी इलाके में शनिवार को दो दोस्तों को आपस में मजाक करना काफी महंगा पड़ गया। तीसरी मंजिल की छत पर धूप में बैठे दोस्त एक दूसरे को गुदगुदी कर मजाक करने लगे।
उसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ा और वह नीचे बिल्डिंग अहाते में जा गिरे। दोनों के नीचे गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। फैक्टरी मालिक अन्य कर्मचारियों के साथ दोनों को नजदीकी गोयल नर्सिंग होम ले गए, जहां एक को तुरंत मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरे ने कुछ ही देर बाद दम तोड़ दिया।
मृतकों की शिनाख्त मोहम्मद शफीक अंसारी (36) और शकील अब्बास (46) के रूप में हुई है। दरअस्ल दोनों फैक्टरी की जिस छत पर मजाक कर रहे थे, उसकी बाउंड्री नहीं हुई थी। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सब्जी मंडी मोर्चरी भेज दिया है।
लापरवाही का मामला दर्ज कर गीता कालोनी पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक शफीक और शकील दोनों ही परिवार के साथ गली नंबर-10, जनता मजदूर कालोनी, जाफराबाद में रहते थे। शफीक के परिवार में पिता शौकत अंसारी के अलावा पत्नी व बच्चे हैं वहीं शकील के परिवार में पत्नी और बच्चे हैं।