दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल में भर्ती मरीजों में भी कोरोना संक्रमण मिल रहा है। मंगलवार को दो और मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। यहां भर्ती अब तक सात मरीज संक्रमित हो चुके हैं, जबकि एक डॉक्टर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
बताया जा रहा है कि जिन दो मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है उनमें से एक गैस्ट्रो विभाग में भर्ती है और दूसरा हार्ट विभाग में है। अभी तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से मरीजों में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के स्रोत को लेकर जानकारी नहीं दी गई है।
अस्पताल में तैनात स्वास्थ्य कर्मचारियों का कहना है कि 40 स्टाफ और 16 मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मचारियों और मरीजों की सुरक्षा को लेकर कोई खास इंतजाम नहीं किए जाने के आरोप भी लग रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि अगले एक से दो दिन में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ सकती है।