नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के विरोध में राजधानी के अलग-अलग इलाकों में विरोध-प्रदर्शन जारी है। निजामुद्दीन दरगाह के पास चल रहे प्रदर्शन स्थल पर बुधवार शाम को सांप्रदायिक सौहार्द के लिए वसंत कार्यक्रम मनाया जाएगा। कार्यक्रम में दिल्ली के दूसरे इलाके लोग भी मौजूद रहेंगे।
सोमवार रात को बारिश के बीच भी प्रदर्शनकारी महिलाएं डटी रहीं। स्थानीय लोगों ने बारिश के दौरान ही रात को टेंट लगाए। प्रदर्शन में शामिल सुमैया ने बताया कि जब तक सरकार नागरिकता संशोधन कानून वापस नहीं लेती प्रदर्शन जारी रहेगा।
सीएए और एनआरसी के विरोध में तुर्कमान गेट पर बैठे कुछ लोगों ने सोमवार शाम को मिंटो रोड चौक पर जाम लगा दिया। लोग सड़क के बीचोंबीच बैठ गए। कुछ स्थानीय लोगों ने सड़क पर बैठे लोगों से हटने की अपील भी की पर प्रदर्शनकारी नहीं माने।
इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने भी लोगों को समझाने का प्रयास किया। देर रात को पुलिस ने जबरन इन लोगों को वहां से खदेड़ दिया। पुलिस ने मौके से 22 लोगों को हिरासत में लिया। इन लोगों को दरियागंज, कमला मार्केट और आईपी एस्टेट थाने ले जाया गया। बाद में सभी को छोड़ दिया गया।