कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो जी-20 सम्मेलन के दौरान भारत सरकार की ओर से विशेष रूप से बनाए गए प्रेसिडेंशियल सुइट में नहीं रुके थे, बल्कि प्रोटोकॉल तोड़कर होटल ललित की 16वीं मंजिल पर सामान्य कमरा नंबर 1634 में रुके थे।
खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मामले में बयान देकर चर्चा में आए कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो जी-20 सम्मेलन के दौरान भारत सरकार की ओर से विशेष रूप से बनाए गए प्रेसिडेंशियल सुइट में नहीं रुके थे, बल्कि प्रोटोकॉल तोड़कर होटल ललित की 16वीं मंजिल पर सामान्य कमरा नंबर 1634 में रुके थे। ऐसे में भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई थी।
विज्ञापन
जी-20 के दौरान सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रूडो के लिए द ललित होटल में प्रेसिडेंशियल सुइट बुक किया गया था। भारत सरकार ने खासतौर पर राष्ट्राध्यक्षों के सुरक्षा प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए इसे तैयार करवाया था।
होटल में एडवांस सिक्योरिटी शील्ड लगाई गई थी। इसमें बुलेटप्रूफ ग्लास था, जिसमें पॉलीकार्बोनेट प्लास्टिक की मोटी परत थी और यह स्नाइपर की गोलियों का भी सामना कर सकती थी। कई अन्य सुरक्षा उपकरण भी लगाए गए थे, लेकिन ट्रूडो ने सुइट में रुकने से मना कर दिया था। ट्रूडो कमरा नंबर 1634 में ठहरे थे, जिसमें उनके सुरक्षा अधिकारी रुके हुए थे।
विज्ञापन
अंतिम फैसला संबंधित मेहमान और दूतावास का...
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि भारत और कनाडा के सुरक्षा अधिकारियों के बीच कई दौर की बातचीत हुई। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा के लिए प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी बताया, लेकिन ट्रूडो नहीं माने। ऐसे मामलों में अंतिम फैसला संबंधित मेहमान और उनके दूतावास का होता है।
भारत सरकार ने सभी राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों के लिए वीवीआईपी होटल बुक किए थे। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सभी प्रेसिडेंशियल सुइट की पूरी सुरक्षा की प्रभारी थीं। इसके बावजूद ट्रूडो सुइट में नहीं रुके।