नई दिल्ली। भारत नगर इलाके से हथियार के बल पर घर के बाहर बंधे दो बकरे और एक बकरी लूटने का वीडियो वायरल हुआ है। कार से आये दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है। मालिक की शिकायत पर पुलिस चोरी का मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश कर रही है। मामला 24 अक्तूबर का है।
55 वर्षीय फकीरा वजीरपुर इलाके में रहता है और कबाड़ी का काम करता है। उस दिन दोपहर को वह घर में सो रहा था। घर के बाहर उसके दो बकरे और एक बकरी बंधी थी। इसी दौरान एक वैगन आर कार उसके घर के पास आकर रुकी। उसमें से दो युवक नीचे उतरे। एक युवक के हाथ में छुरा था। दोनों बकरे और बकरी के पास पहुंचे और उन्हें खोलकर उठा लिया।
शोर होने पर फकीरा अपने कमरे से बाहर निकला। एक युवक ने उसे अंदर रहने के लिए कहा। फिर दोनों बदमाश बकरे और बकरी को कार में डालकर फरार हो गये। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित के बयान पर केस दर्ज कर लिया। जांच के दौरान पुलिस को घटना की सीसीटीवी फुटेज मिली है। शनिवार को फुटेज के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घटना के बारे में लोगों को जानकारी हुई।