-मंगोलपुरी के ट्रक मार्केट में खड़े टैंकर से करते थे चोरी, तीन ड्रम से पेट्रोल और डीजल बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बाहरी जिला पुलिस ने इंडियन ऑयल टैंकर से तेल चोरी करने वाले गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यूपी के गोंडा निवासी छेदी राम मौर्य, प्रेम नगर निवासी सुरेंद्र सिंह और मंगोलपुरी निवासी बाबू लाल पासवान के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 12 लीटर डीजल, 25 लीटर चोरी का पेट्रोल और ईंधन निकालने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए हैं। तेल चोरी करने के बाद आरोपी उसे खुले बाजार में बेच देते थे।
जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि 3 जुलाई को सूचना मिली कि कुछ लोग मंगोलपुरी के फेज-2 स्थित ट्रक मार्केट में खड़े इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसीएल) के ट्रकों से अवैध रूप से पेट्रोल और डीजल की चोरी करते हैं। ईंधन को कंटेनरों में भरकर उसे बाजार में कालाबाजारी करते हैं। सूचना को पुख्ता करने के बाद टीम ने वहां पर घेराबंदी कर ली। कुछ देर बाद टीम ने देखा कि ट्रक के पास तीन लोग संदिग्ध गतिविधि कर रहे हैं। वहां पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि आरोपी एडाप्टर का इस्तेमाल कर ट्रक से ईंधन निकाल रहे थे। पुलिस टीम को देखते ही सभी आरोपी वहां से भागने लगे। लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया।
सूचना पर इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन टिकरी कलां के टर्मिनल मैनेजर घटनास्थल पर पहुंचे। बरामद ईंधन के नमूने एकत्र किए और इसकी पहचान पेट्रोल और डीजल के रूप में की गई। पेट्रोलियम ईंधन कंटेनरों को पुलिस ने सील कर उसे जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मंगोलपुरी थाने में मामला दर्ज कर लिया।