-कश्मीरी गेट थाना पुलिस व स्पेशल स्टाफ ने की कार्रवाई, आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस कर रही मामले की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। कश्मीरी गेट इलाके में मालवाहक ऑटो चालक की रोडरेज के दौरान पीट-पीटकर हत्या करने की गुत्थी को उत्तरी जिला पुलिस ने सुलझा लिया है। कश्मीरी गेट थाना पुलिस व स्पेशल स्टाफ ने तीन आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान पहचान रितेश कुमार, विक्की और अनिल के रूप में हुई है। आरोपियों को वहां से जाने के बाद यह पता नहीं था कि जिसको उन्होंने पीटा है, उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने जब आरोपियों को पकड़ा तब उन्हें पता चल पाया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तरी जिला के पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि 30 जून को गोकरान उर्फ राजा ने अपने दोस्त की पीट-पीटकर हत्या करने की सूचना पुलिस को दी। राजा ने बताया कि वह अपने दोस्त व बंटी के साथ मालवाहक ऑटो में माल लेकर सदर बाजार आए थे। ऑटो बंटी चला रहा था। वापस लौटते समय खोया मंडी मोरी गेट पर ई-रिक्शा सवार तीन लड़कों ने उनको रोक लिया। आरोप था कि ऑटो चालक ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी है। इस बात पर तीनों आरोपियों ने बंटी की पिटाई कर दी। बंटी अचेत हो गया। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गए। अस्पताल ले जाने पर बंटी को मृत घोषित कर दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल के बाद पुलिस ने खारी बावली स्थित ड्राई फ्रूट मार्केट से रितेश को पकड़ा। इसके बाद अनिल व विक्की को भी गिरफ्तार कर लिया गया।