नई दिल्ली। दक्षिण जिला पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाई में लूट, झपटमारी और वाहन चोरी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी के तांबे के तार, तीन दोपहिया वाहन और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी से चोरी और झपटमारी के कुल सात मामलों का खुलासा हुआ है।
दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि सीआर पार्क पुलिस ने रेस्तरां के सुरक्षा गार्ड को पेचकस दिखाकर लूटने वाले सलमान को गिरफ्तार किया। उसके पास से तांबे के तार, पेचकस और अन्य सामान मिला। साकेत पुलिस ने वाहन खराब होने का बहाना बनाकर स्कूटी और मोबाइल लेकर फरार हुए पुष्पेंद्र को नोएडा से पकड़ा। वहीं, एएटीएस ने तेजपाल को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर दो अन्य दोपहिया वाहन और तीन मोबाइल बरामद हुए। तेजपाल के खिलाफ पहले से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। संवाद