नई दिल्ली। कश्मीरी गेट इलाके में एक बदमाश ने पलक झपकते ही कारोबारी की कार से दो बैग उड़ा लिए। कारोबारी पानी की बोतल लेने के लिए कार से उतरा था। कार में मौजूद उसके भाई ने बदमाश का पीछा किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। कारोबारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की पहचान करने में जुटी है।
रानीबाग निवासी साहिल सेतिया (38) की कश्मीरी गेट के गुरुनानक मार्केट में ऑटो पार्ट्स की दुकान है। सोमवार रात वह अपने भाई शरद सेतिया के साथ काम खत्म करने के बाद कार से घर जा रहा था। कार की पिछली सीट पर उसने दो बैग रखे थे। एक बैग में करीब 98 हजार रुपये और कागजात वगैरह थे, जबकि दूसरे बैग में दुकान की चाबी और अन्य सामान थे।
कुछ दूर जाने के बाद साहिल कार रोककर एक दुकान से पानी की बोतल लेने के लिए उतरा, जबकि उसका भाई ड्राइवर की बगल वाली सीट पर बैठा था। इसी दौरान एक युवक कार का पिछला गेट खोलकर दोनों बैग को लेकर भागने लगा। यह देखकर कार में बैठा शरद नीचे उतरा और बदमाश का पीछा किया लेकिन वह हाथ नहीं आया।