संगठित गिरोह का दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ यूनिट ने किया खुलासा
गिरोह पीतमपुरा की शिवाजी मार्केट में चला रहा था फर्जी कॉल सेंटर, 12 गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। यूनानी दवाओं के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक संगठित गिरोह का दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ यूनिट ने पर्दाफाश किया है। गिरोह पीतमपुरा की शिवाजी मार्केट में अवैध कॉल सेंटर चलाकर लोगों को फोन करता था। कॉल सेंटर में काम करने वाले कर्मचारी खुद को डॉक्टर बताकर ग्राहकों को दवाएं खरीदने के लिए प्रेरित करते थे। इसके लिए एक हेल्थकेयर कंपनी और उसके वितरक का गोपनीय ग्राहक डेटा बिना अनुमति के हासिल किया गया था। पुलिस ने छापा मारकर मौके से 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 40 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और छह फर्जी मुहरें बरामद हुई हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी एमडीएल नेचुरल यूनानी हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड और नेचुरल यूनानी हेल्थकेयर के नाम का इस्तेमाल कर फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर रहे थे। गिरोह के आरोपी चोरी किए गए ग्राहकों के डेटा के आधार पर लोगों को फोन करते थे। इस दौरान वे खुद को डॉक्टर बताकर ग्राहकों को दवाओं के फायदे बताते और उन्हें खरीदने के लिए तैयार करते थे। इतना ही नहीं, आरोपी फर्जी ऑर्डर तैयार करने और कॉल सेंटर से जुड़ी अन्य गतिविधियों में भी शामिल थे। छापे के दौरान पुलिस को नकली दवाएं और कारोबार से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।
ऐसे बंटा था गिरोह के लोगों का काम
जांच में सामने आया कि गिरोह व्यवस्थित तरीके से काम कर रहा था। पंकज नाम का आरोपी कॉल सेंटर का टीम लीडर था और रोजाना के कामकाज को संभालता था। मुनीर, अमित तिवारी, विवेक, शिवम मंडल, समीर, अंशु, साहिद और इशांत ग्राहकों को फोन करने और फर्जी ऑर्डर तैयार करने का काम करते थे। मोंटी के पास नकदी और दवाओं के स्टॉक की जिम्मेदारी थी। अंकित कॉलिंग एजेंटों की निगरानी और उन्हें प्रशिक्षण देता था, जबकि सूरज खातों और वित्तीय लेनदेन का हिसाब रखता था।
दो सरगनाओं की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, कॉल सेंटर का संचालन फरार सरगना लतीफ और एक महिला के निर्देश पर किया जा रहा था। गिरफ्तार टीम लीडर पंकज इनके निर्देशों को आगे बढ़ाता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य लोगों की भूमिका, ग्राहकों का डेटा चोरी करने के स्रोत और ठगी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।