साकेत के पुष्प विहार में टावर पर चढ़ा युवक दमकल कर्मियों ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद उतारा।
- फोटो : Ashram
नई दिल्ली। साकेत इलाके के पुष्प विहार में एक युवक नशे की हालत में साठ फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। उसके चढ़ते ही भीड़ जमा हो गई। एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक को हाईड्रोलिक क्रेन की मदद से नीचे उतार लिया गया। पुलिस ने उसे मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार करीब साढ़े 11 बजे एशियन मार्केट, सेक्टर तीन पुष्प विहार में एक युवक के टॉवर पर चढ़ने की सूचना मिली। आसपास के लोग उसे उतरने के लिए आवाज लगाते रहे लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ। इसी बीच किसी ने पुलिस व दमकल विभाग को सूचना देे दी। मौके पर पुलिस, एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां पहुंच गईं। इसी बीच युवक के परिजन भी आ गए। उसकी पहचान अनुपम गार्डन निवासी सतीश कुमार (22) के रूप में हुई। उसके पिता ने पुलिस को बताया कि वह शराब पीने का आदी है और एक दिन पहले से घर से गायब था। दमकल विभाग ने हाईड्रोलिक क्रेन की मदद से उसे नीचे उतार लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक का नशा उतरने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी।