नारकीय जीवन जीने को मजबूर मंडावली के निवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। मंडावली बी-ब्लॉक की गलियां पिछले एक महीने से सीवर के गंदे पानी से भरी पड़ी हैं। लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। स्कूल जाते वक्त बच्चे गंदे पानी में फिसलकर गिर पड़ते हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस समस्या के बारे में कई बार विधायक से शिकायत कर चुके हैं लेकिन न तो सीवर साफ हुआ और न ही कोई सुनवाई हुई। मजबूरन लोग खुद ही घरों के बाहर वाइपर लगाकर पानी हटाने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बी-ब्लॉक की गली नंबर दो, चार, पांच समेत कई अन्य गलियों में सालों से सीवर लाइन की सफाई नहीं हुई है। इसी लापरवाही के चलते इलाके में सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है। इतना ही नहीं, सीवर ओवरफ्लो होने के कारण घरों के शौचालय भी बैक मार रहे हैं। इससे गलियों और घरों में बदबू फैली हुई है। गली नंबर पांच में रहने वाली ओमवती और हसैब आलम ने बताया कि महीनेभर से गली नंबर पांच में सीवर का पानी बह रहा था, जिस वजह से आवाजाही करने में परेशानी हो रही थी। कर्मचारियों को बुलाकर खुद से सीवर साफ कराया।