-14 सितंबर को आरोपी ने रेलवे रिजर्वेशन सेंटर, पहाड़गंज में दो लोगों को कुचल दिया था, दोनों की हालत नाजुक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पहाड़गंज इलाके में रेलवे रिजर्वेशन सेंटर के पास फुटपाथ पर सो रहे दो लोगों को इनोवा कार ने कुचलने वाले आरोपी गोविन्द को पुलिस ने बरेली से गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर हादसे वाली इनोवा कार भी बरामद कर ली गई है। वहीं दोनों घायलों का लेडी हार्डिंग अस्पताल में उपचार जारी है।
मध्य जिला के पुलिस उपायुक्त निधिन वल्सन ने बताया कि 14 सितंबर की रात करीब 2.20 बजे उनकी टीम को हादसे की सूचना मिली।हादसे में घायल बांका, बिहार निवासी कालू दास (50) और अनिल दास (48) अस्पताल में भर्ती मिले। कालू व अनिल दोनों पहाड़गंज में चाय की दुकान चलाते हैं। इनको गांव जाने के लिए ट्रेन का रिजर्वेशन कराना था। दोनों रात को ही रिजर्वेेशन सेंटर पर सो गए। इस बीच इनोवा चालक ने दोनों को कुचल दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की कार की पहचान हो गई। छानबीन में पता चला कि आरोपी टैक्सी चालक है और वह अक्सर पहाड़गंज सवारी लेकर आता है।