नई दिल्ली। दिल्ली के करोलबाग एरिया के रिज रोड से मुठभेड़ में गिरफ्तार आईएस का संदिग्ध आतंकी अबू यूसुफ ने पूछताछ में खुलासा किया है कि वह दिल्ली में बम धमाका कर तबाही मचाने के बाद किसी नेता की टॉरगेट किलिंग करता। इसलिए वह अपने साथ हथियार लेकर आया था। उसने बताया कि फिलहाल हैंडलर ने उसे बम धमाका करने का ही आदेश दिया था। आगे क्या करना है कि इसके निर्देश उसे धमाका करने के बाद मिलते।
राममंदिर, धारा 370 व सीएए के विरोध में भाजपा व आरएसएस के नेता पहले ही पाकिस्तान खुफिया एजेंसी आईएसआई व आतंकी संगठनों के निशाने पर हैं। आतंकी टॉरगेट किलिंग के लिए शूटिंग की प्रेक्टिस भी कर रहा था।
स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अबू यूसुफ ने अपने भतीजे की एयरगन ले रखी थी, जिसका इस्तेमाल पिछले डेढ़ साल से शूटिंग की प्रेक्टिस के लिए कर रहा था। उसके बलरामपुर (यूपी) स्थित घर से लोहे की बॉल बेयरिंग और लकड़ी के खांचे वाला बॉक्स मिला है। वह बॉॅक्स में बनाए गए गए खाचों में गोली मारकर शूटिंग की प्रेक्टिस कर रहा था। उसने बताया कि वह आईएस के पाकिस्तान निवासी इंडिया के हैंडलर के निर्देश पर शूटिंग की प्रेक्टिस कर रहा था। पुलिस ने अबू यूसुफ के भतीजे से पूछताछ की तो उसने मानाकि चाचा उसकी एयरगन लेकर गोली चलाने की प्रेक्टिस करते थे।
स्पेशल सेल के एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी आईएस के दक्षिण भारत में मौजूद कुछ आतंकी व स्लीपर सेल के संपर्क में था। दक्षिण भारत में आईएस के एक-दो आतंकी ऐसे हैं, जिनके संपर्क में अबू यूसुफ ज्यादा रहता है। पूछताछ में ये बात भी सामने आई है कि दक्षिण भारत में मौजूद आईएस का एक आतंकी इसे निर्देश देता था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि अबू यूसुफ कभी दक्षिण भारत गया है या नहीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी पूछताछ में बिल्कुल सहयोग नहीं कर रहा है। पुलिस का मानना है कि जो आतंकी जेहाद के नाम पर जान देने पर उतारू है, उससे पूछताछ कर पूरी साजिश को सामने लाने में समय लगेगा।
---------
नेताओं की सुरक्षा का हाल ही में किया है ऑडिट
15 अगस्त से पहले भाजपा व आरएसएस नेताओं पर आतंकी हमले यानि टॉरगेट किलिंग के इनपुट्स मिले थे। इससे पता चला था कि आईएसआई के इशारे पर भाजपा व आरएसएस के नेता आतंकियों के निशाने पर हैं। इन इनपुट्स के बाद दिल्ली व यूपी समेत भाजपा व आरएसएस के नेताओं की दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल समेत कई सिक्योरिटी एजेंसियों से ऑडिट करवाया गया था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अपनी रिपोर्ट दे दी है।