नई दिल्ली। आदर्श नगर में डीयू छात्र राहुल की मौत से पूरा परिवार गमजदा है। राहुल के पिता संजय का कहना है कि उन्हें बेटे की मौत का इंसाफ चाहिए। इस घटना में जितने लोग शामिल हैं, उन्हें जल्द से जल्द मौत की सजा मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वारदात में शामिल नाबालिगों पर भी बालिग की तरह ही मुकदमा चलना चाहिए। सभी आरोपी राहुल की हत्या के मकसद से ही वहां पहुंचे थे और बेटे के शरीर के ऐसे अंगों पर हमला किया, जिससे उसकी जान चली जाए। हत्या में शामिल आरोपियों ने एक पेशेवर अपराधी की तरह घटना को अंजाम दिया है। संजय ने कहा कि नाबालिगों ने हत्या जैसी संगीन वारदात को अंजाम दिया है। जिसकी सजा सिर्फ फांसी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि घटना के समय लड़की भी मौके पर थी। उसने साफ तौर पर कहा है कि वारदात में आठ लोग शामिल थे। ऐसे में फरार तीन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए। मौके पर मौजूद लोगों ने भी मारपीट में आठ से दस लोगों के शामिल होने की बात कही थी। संजय ने कहा कि अगर लड़की कह रही है कि उसने पुलिसकर्मियों से राहुल को बचाने के लिए गुहार लगायी है तो इसकी भी जांच होनी चाहिए।
------
हिंदू संगठन के लोगों का घर पर आने का सिलसिला जारी
राहुल हत्याकांड के बाद से पीड़ित परिवार के घर पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। रिश्तेदारों के अलावा स्थानीय लोग और हिंदू संगठन के लोग भी वहां पहुंचकर परिवार को दिलासा दे रहे हैं। हत्या को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है। पीड़ित परिवार के घर पर पुलिस बल का भारी बंदोबस्त किया गया है। रविवार को हिंदू संगठन के काफी लोग यहां पहुंचे। कुछ लोगों की पुलिस से बहस भी हुई।