साहूकार और अवैध संबंध में बाधा बने लोगों को फंसाने के लिए वारदात को दिया अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुखर्जी नगर इलाके में कर्ज चुकाने में नाकाम ऑटो चालक ने साहूकार और अपने अवैध संबंध में बाधा बन रहे लोगों को फंसाने के लिए खुद को गोली मारकर घायल कर लिया। चालक ने एक साहूकार सहित तीन लोगों पर गोली चलाने का आरोप लगाया लेकिन छानबीन में आरोपियों के खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिला।
पुलिस ने पीड़ित से कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने पीड़ित और वारदात में शामिल उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से एक पिस्टल और चैंबर में फंसा कारतूस बरामद कर लिया गया है। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान सोनिया विहार निवासी प्रभास पांडेय और बुराड़ी निवासी आशीष के रूप में हुई है। मूलत: सीतापुर, यूपी निवासी प्रभाष थाना लहरपुर सीतापुर का हिस्ट्रीशीटर है। इस पर उत्तर प्रदेश में बलात्कार, हत्या, चोरी एवं सेंधमारी के 11 मामले जबकि दिल्ली में चोरी एवं सेंधमारी के 9 मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 28 दिसंबर की देर रात दो बजे मुखर्जी नगर थाना पुलिस को रिंग रोड वाल्मीकि मंदिर के पास एक व्यक्ति को गोली मारने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया। उसके कंधे पर गोली लगी थी। छानबीन में पीड़ित की पहचान प्रभाष के रूप में हुई। वह पेशे से ऑटो चालक था। घायल ने उधार नहीं चुकाने पर तीन आरोपियों धरम सिंह उर्फ बिल्ला, संत कुमार उर्फ भाटी और तरुण माथुर पर गोली मारने का आरोप लगाया। हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर थाना प्रभारी राजीव शाह के नेतृत्व में पुलिस की तीन टीमों ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। दूसरी टीम ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जबकि तीसरी टीम ने पीड़ितों के लोकेशन के बारे में तकनीकी जांच की। जिसमें आरोपियों के खिलाफ वारदात में शामिल होने के कोई साक्ष्य नहीं मिले। पुलिस ने शक के आधार पर शिकायतकर्ता से पूछताछ की, जिसमें उसने फंसाने के लिए खुद को गोली मारने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने वारदात में शामिल आशीष और प्रभाष को गिरफ्तार कर लिया।
साहूकार ने उसे मामले में फंसाने की दी थी धमकी
पूछताछ में पता चला कि प्रभास पांडेय ऑटो-रिक्शा चालक है। वह दोस्त धरम सिंह और उसके साथ सहमति संबंध में रहने वाली महिला के संपर्क में आया। दोस्त की अनुपस्थिति में प्रभास ने महिला से अवैध संबंध बना लिए। धरम सिंह और महिला का बेटा तरुण माथुर इस संबंध को समाप्त करवाना चाहता था और उसे झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी दी थी। उसने बताया कि संत कुमार से 90 हजार रुपये ब्याज पर उधार लिए थे, जिसे वह चुका नहीं पा रहा था। साहूकार ने भी उसे मामले में फंसाने की धमकी दी थी।