दो जुलाई से 15 जुलाई तक चलेगी दाखिला प्रक्रिया
सीयूईटी स्कोर 2026 के आधार पर 1194 सीटों पर होंगे दाखिले
इस बार एक पंजीकरण शुल्क से सभी प्रोग्राम के लिए कर सकेंगे आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। डॉ बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आज से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसके तहत पहले चरण के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 जुलाई तक चलेगी।
विश्वविद्यालय इस वर्ष 23 स्नातक कार्यक्रमों में कुल 1194 सीटों पर प्रवेश देगा। दाखिला प्रक्रिया नई शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत संचालित तीन और चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए होगी। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी यूजी-2026) के आधार पर किया जाएगा। आंबेडकर विश्वविद्यालय में दाखिले के इच्छुक छात्र aud.delhi.gov.in पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। सामान्य व ओबीसी (नॉन क्रीमी लेयर) श्रेणी के छात्रों को पंजीकरण शुल्क के रूप में 650 रुपये व एससी-एसटी, पीडब्यूबीडी, ईडब्ल्यूएस, व अनाथ श्रेणी के छात्रों को 300 रुपये का भुगतान करना है। इस बार छात्र एक पंजीकरण शुल्क से सभी प्रोग्राम के लिए आवेदन कर सकेंगे। बीते साल तक छात्र जितने प्रोग्राम के लिए आवेदन करते थे, उनके लिए अलग-अलग शुल्क का भुगतान करना पड़ता था। इस प्रक्रिया में बदलाव से छात्रों को राहत मिलेगी।
पहले चरण की आवेदन प्रक्रिया में छात्रों को अपनी बेसिक जानकारी उपलब्ध करानी है। उसके बाद प्रोग्राम चयन और पंजीकरण शुल्क का भुगतान करना है। अंतिम चरण में मेरिट लिस्ट निकालकर सीट का आवंटन छात्र को किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने सीयूईटी यूजी 2026 में शामिल हुए छात्रों से अपील की है कि वे आंबेडकर विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट aud.delhi.gov.in पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। विवि ने आवेदन करने से पहले छात्रों को कार्यक्रम वार पात्रता, दाखिले के दिशा-निर्देश, आरक्षण नीति, शुल्क संरचना को सावधानीपूर्वक देखने की सलाह दी है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते आवेदन करें, जिससे कि अंतिम समय में संभावित तकनीकी समस्याओं से बचा जा सके। साथ ही दाखिला प्रक्रिया से संबंधित नवीनतम जानकारी और अपडेट के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहने की भी सलाह दी है।