नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्व जिले की एसटीएफ ने हत्या के प्रयास और धमकी के मामले में फरार आरोपी ओखला औद्योगिक क्षेत्र स्थित तेहखंड निवासी जय प्रकाश उर्फ लोली को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 315 बोर का कट्टा और 1 कारतूस बरामद किया गया।
दक्षिण-पूर्व जिले की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ऐश्वर्या शर्मा ने बताया, सूचना मिली कि जय प्रकाश अपने किसी परिचित से मिलने ओखला औद्योगिक क्षेत्र, रेलवे लाइन के पास कंटेनर यार्ड में आने वाला है। घेराबंदी करने पर उसने पिस्तौल निकाली और गोली चलाने की धमकी दी, मगर पुलिस टीम ने उसे तुरंत दबोच लिया। प्रकाश से पूछताछ में पता चला कि जय प्रकाश के सहयोगी और करीबी दोस्त निरंजन ने अपने साथियों के साथ मिलकर दुश्मनी के चलते मंटू की हत्या कर दी। इस हत्या के बाद जब निरंजन और उसके साथियों के खिलाफ गवाही देने के लिए कोई आगे नहीं आया, तो शिव नंदन प्रसाद ने कुछ स्थानीय निवासियों को इकट्ठा किया, जिन्होंने मंटू की हत्या देखी थी। ये लोग जय प्रकाश और उसके दोस्त निरंजन के खिलाफ गवाही देने के लिए तैयार हो गए। पुलिस ने निरंजन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।