गाजीपुर इलाके में भीख मांगकर गुजारा करने वाली महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला की पिटाई भी की। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने गंभीर अवस्था में घायल पीड़िता को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। उसके बयान पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीमापुरी इलाके में रहने वाली 35 वर्षीय महिला गाजीपुर इलाके में भीख मांगकर अपना गुजारा करती है। 23 मार्च देर शाम पुलिस को गाजीपुर मंडी के पास एक महिला के घायल पड़े होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे पास के अस्पताल में लेकर गई, जहां से उसे सफदरजंग रेफर कर दिया गया। पीड़िता ने बयान में बताया कि दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी पिटाई की। इससे वह अचेत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। महिला के शरीर पर चोट के निशान हैं।
महिला ने आरोपियों को पहचानने से इनकार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच के लिए पुलिस की पांच टीम गठित कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल के आस पास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल रही है।