उमस भरी गर्मी के साथ पिछले दो दिनों से दिल्ली में पारा 40 को पार कर रहा है। मंगलवार को भी सुबह सात बजे से ही धूप की चुभन महसूस होने लगी थी। वहीं, दोपहर तक सूरज अपने कड़े तेवर कर चुका था। यही वजह रही कि बाहर निकले लोगों का एक मिनट भी धूप में खड़ा रहना मुसीबत से कम नहीं था।
सूरज की अधिक तपिश की वजह से दोपहिया वाहन चालक रेड लाइट पर भी छाव का सहारा ढूंढ रहे थे। सूरज ढलने के बाद भी शाम के समय लोगों को उमस की वजह से राहत नहीं मिली।
प्रादेशिक मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह अधिक 43 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक कम 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटों में हवा में नमी का अधिकतम स्तर 78 व न्यूनतम 25 फीसदी रहा। अगले 24 घंटों में भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
अधिकतम पारा 42 और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके बाद एक जुलाई से पारे में धीरे-धीरे कमी आना शुरू होगी। आगामी दो-तीन जुलाई तक दिल्ली में बारिश की भी संभावना है। इसके बाद से मानसून का इंतजार और कम हो सकता है।
सूरज के कड़े तेवरों के साथ मंगलवार को दिल्ली की पांच जगहों पर पारा 44 के भी पार दर्ज किया गया। इस कड़ी में मुंगेशपुर में 44.3, नजफगढ़ में 44.4, पीतमपुरा में 44.3, पूसा में 44.3 और स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में 44.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। इसके अलावा गुरुग्राम में 44 और नोएडा में 43 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया।