नई दिल्ली। जगतपुरी में रहने वाली एक युवती को इंस्टाग्राम पर पिछले कुछ दिन से अश्लील मैसेज और आपत्तिजनक सामग्री आने लगी। आरोपी पीड़िता को परेशान कर संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। बात ज्यादा बढ़ी तो पीड़िता ने मामले की शिकायत बुधवार को जगतपुरी थाने में दे दी। शाहदरा जिले की साइबर सेल ने चंद ही घंटों में 17 वर्षीय किशोर को पकड़ लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर किशोर को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश किया, जहां से फिलहाल उसे घर भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी 11वीं कक्षा का छात्र है।
शाहदरा जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार को जगतपुरी में रहने वाली युवती ने सोशल मीडिया पर परेशान करने की शिकायत दर्ज कराई थी। युवती एयर हॉस्टस का कोर्स कर रही है। युवती ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से एक लड़का इंस्टाग्राम पर उसको परेेशान कर रहा था। आरोपी उसके मैसेंजर पर भी आपत्तिजनक अश्लील वीडियो व तस्वीरें भेज रहा था। आरोपी दबाव बना रहा था कि वह उसके साथ संबंध बनाए। ऐसा न करने पर वह उसे अंजाम भुगतने की भी धमकी दे रहा था। कई दिन चले इस ड्रामे के बाद आखिर बुधवार को जगतपुरी थाने में इसकी शिकायत दी गई। स्थानीय पुलिस के अलावा जिले की साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने इंस्टाग्राम पर युवती को परेशान करने के अलावा ईमेल भी किया था। आरोपी ने युवती को वीपीएन के जरिये किसी एप से मेल भेजे थे। उसके जरिये आरोपी तक पहुंचना बेहद मुश्किल था। इसके लिए टीम ने फोरेंसिक टूल्स का इस्तेमाल कर आरोपी का पता लगाया। जांच के दौरान पता चला कि कृष्णा नगर के सोम बाजार से 17 वर्षीय किशोर युवती को परेशान कर रहा है। पुलिस ने बुधवार शाम को ही किशोर को पकड़ लिया। आरोपी ने बताया कि वह बस इंस्टाग्राम पर युवती की तस्वीर देखकर उस पर फिदा हो गया।