नई दिल्ली। राजधानी में कोरोना से हालात बेहतर होने के बाद अब तक कुल 66 अस्पताल कोविड-19 मुक्त हो चुके हैं। अस्पतालों में सामान्य ओपीडी और सर्जरी सेवाएं भी शुरू हो चुकी हैं। इस समय दिल्ली सरकार के सिर्फ 5 अस्पतालों में कोविड मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें लोकनायक में नॉन कोविड मरीजों के लिए सर्जरी की सुविधा शुरू कर दी गई है।
दिल्ली सरकार के लोकनायक अस्पताल के सभी विभागों में करीब 10 महीने बाद सर्जरी शुरू हो गई हैं। अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डाक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि दिल्ली सरकार के आदेश के बाद ही अस्पताल में सर्जरी शुरू हो गई हैं। अब प्रतिदिन सभी विभागों में चार से पांच सर्जरी हो रहीं हैं। साथ ही आपातकालीन सर्जरी भी शुरू कर दी गई हैं। अस्पताल को कोरोना की शुरुआत में ही दिल्ली सरकार ने कोविड-19 विशेष बना दिया था। जिससे यहां सिर्फ कोरोना का ही इलाज हो रहा था। लेकिन अब अस्पताल में सभी स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होने के बाद अन्य बीमारियों के मरीजों का भी इलाज हो रहा है। साथ ही ओपीडी में भी मरीजों की संख्या बढ़ रही है। हालांकि अस्पताल के 300 बेड अभी भी कोरोना मरीजों के लिए आरक्षित रखे गए हैं।