छात्र ने 500 मीटर पीछा कर पकड़ा बदमाश, दूसरा फरार
नई दिल्ली। कश्मीरी गेट इलाके में एनडीए की परीक्षा देने आए छात्र का टैब दो बदमाशों ने चोरी कर लिया। इसकी भनक लगते ही छात्र ने उनके पीछे दौड़ लगा दी। करीब 500 मीटर पीछा कर एक आरोपी को दबोच लिया। हालांकि उसका साथी टैब लेकर फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान वेलकम निवासी इमरान उर्फ हबीब (23) के रूप में हुई है। आरोपी ने छात्र को चाकू मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक जांबाज छात्र धीरज (19) परिवार के साथ राज नगर पार्ट-2, पालम में रहता है। पिता सतीश कुमार सेना में हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती देहरादून में है। धीरज की रविवार को एनडीए की परीक्षा थी। उसका परीक्षा केंद्र मजनू का टीला स्थित एक स्कूल में था। धीरज वहां पहुंचा, लेकिन उसे परीक्षा केंद्र नहीं मिला। दोपहर में वह बिना परीक्षा दिए वापस लौट रहा था। कश्मीरी गेट बस स्टैंड से वह रूट संख्या-721 की बस में सवार हुआ। धीरज ने पिट्ठू बैग में अपना टैब रखा था। एक बदमाश ने बैग से टैब निकालकर अपने साथी को पकड़ा दिया। धीरज ने दोनों को देख लिया। इस बीच दोनों बस से कूदकर भागने लगे। धीरज भी बस से उतरकर दोनों के पीछे भागा। एक बदमाश टैब लेकर फरार हो गया, जबकि दूसरे को धीरज ने दबोच लिया। इस बीच पुलिसकर्मी भी वहां पहुंच गए। धीरज ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।