महरौली में चालान काटने पर तहसीलदार के साथ मारपीट
नई दिल्ली। महरौली इलाके में कोविड-19 संबंधी नियमों के उल्लंघन पर चालान काट रहे तहसीलदार के साथ मारपीट की गई। शिकायत पर पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि महरौली तहसीलदार मनोज कुमार भारती मंगलवार दोपहर बस टर्मिनल के पास मंडी में सामाजिक दूरी का पालन नहीं करने और मास्क नहीं पहनने वालों के चालान काट रहे थे। उनके साथ सिविल डिफेंस के तीन-चार लोग भी थे। स्थानीय दुकानदारों और वहां काम करने वाले लोगों ने उनका विरोध शुरू किया। आरोप है कि तहसील के साथ मारपीट करते हुए थप्पड़ मारे गए। सिविल डिफेंस के लोगों ने उन्हें बचाया। इसके बाद मारपीट की सूचना 100 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। महरौली थाना पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने सहित कई धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी महेंद्र, अजय चौधरी, इंद्रजीत और रवि को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। तहसीलदार ने अपनी मेडिकल जांच कराई है। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।