नई दिल्ली। हरिनगर में अलमारी का लॉक ठीक करने के बहाने दो बदमाशों ने एक घर से लाखों रुपये के गहने चुरा लिए। घटना के समय घर में बुजुर्ग महिला मौजूद थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
71 साल की कांता तनेजा हरिनगर में रहती हैं। हरिनगर थाने में दर्ज प्राथमिकी में कांता ने बताया कि 2 अगस्त की दोपहर वह घर में थीं। इसी दौरान घर के सामने से दो लोग ताला ठीक करवाने की आवाज लगाते हुए जा रहे थे। उन्होंने अलमारी का लॉक ठीक करवाने के लिए पहली मंजिल पर स्थित घर में बुला लिया। अलमारी के एक दरवाजे को बंद कर दोनों काम करने लगे। करीब 10 से 15 मिनट बाद दोनों औजार लाने की बात कहकर चले गए। कांता को कुछ शक हुआ। उन्होंने अलमारी खोलकर देखी तो लॉकर खुला हुआ था और उनके, उनकी बेटी और बहू के रखे लाखों रुपये के गहने गायब थे। जिला पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज को कब्जे में कर लिया है। पुलिस ने फुटेज में कैद बदमाशों की पहचान के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया है। ब्यूरो