युवती का फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर की स्टाॅकिंग, गिरफ्तार
-पांचवीं पास है पकड़ा गया आरोपी युवक, पीड़िता से पहले थी दोस्ती, रिश्ता खत्म करने पर सबक सिखाने के लिए दिया अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पांचवीं पास युवक ने युवती का फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी निजी तस्वीरें अपलोड कर दीं। आरोपी युवती के फर्जी अकाउंट से उसके दोस्तों व रिश्तेदारों से मदद के नाम पर रुपये मांगने लगा। फर्जी होने का पता चलने पर जब किसी ने रुपये नहीं दिए तो आरोपी ने पीड़िता, उसके दोस्तों और रिश्तेदारों से गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़िता की शिकायत पर उत्तरी जिला के साइबर थाना पुलिस ने कृष्णा नगर इलाके से आरोपी को दबोच लिया। आरोपी की पहचान अमन के रूप में हुई है।
दरअसल पीड़िता और अमन के बीच दोस्ती थी। दोनों पिछले करीब तीन सालों से रिलेशन में थे। किसी बात पर पीड़िता ने आरोपी से रिश्ता खत्म कर लिया। इससे खफा होकर आरोपी ने पीड़िता को सबक सिखाने की नियत से उसका फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उसे परेशान करना शुरू कर दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया, आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन और सिमकार्ड भी बरामद हो गया है। आरोपी ने बदला लेने के लिए ऐसा करने की बात की है।