उत्तरी दिल्ली नगर निगम क्षेत्र में लोग ज्यादा सुगमता से अब अपने इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज कर पाएंगे। यहां 20 स्थानों पर 27 नए इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं। उत्तरी निगम के अधिकारियों ने बताया है कि इनमें 15 ईवी चार्जिंग स्टेशनों को सार्वजनिक उपयोग के लिए चालू कर दिया गया है।
उत्तरी निगम ने केन्द्र सरकार की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के सहयोग से ईवी चार्जिंग स्टेशनों को स्थापित किया है। उत्तरी निगम के अधिकारियों ने बताया कि रानी बाग रोड नंबर 44, नानीवाला बाग वाणिज्यिक परिसर, मुखर्जी नगर के धीरपुर में एमवीआईडी अस्पताल, रोहिणी सेक्टर-3 मंगलम प्लेस, पीतमपुरा में नेताजी सुभाष प्लेस पीतमपुरा, मोती नगर टांगा स्टैंड, रोहिणी में एमटू के मार्केट मंगलम प्लेस, प्रशांत विहार डीडीए मार्केट के स्थानीय शॉपिंग कॉम्प्लेक्स डी-ब्लॉक, मल्टी लेवल अंडरग्राउंड पार्किंग मॉडल टाउन-2 में चार्जिंग स्टेशन चालू किए गए हैं। कई जगहों पर दो-तीन स्टेशन एक साथ स्थापित किए गए हैं।
30 अप्रैल तक 54 जगहों पर होगी चार्जिंग
उत्तरी निगम के अधिकारियों ने बताया है कि चार्जिंग स्टेशनों को स्थापित व संचालित करने के लिए एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल), ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग कंसल्टेंट्स इंडिया लिमिटेड (बीईसीआईएल) और टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीपीडीडीएल) को अधिकृत किया है। इन कंपनियों ने 54 स्थानों का चयन किया था, बची हुई जगहों पर 30 अप्रैल तक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना है।