उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में बेटे ने अपनी मां के प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त मोहम्मद नाजिम (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में शनिवार रात एक युवक की उसकी दुकान में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त मोहम्मद नाजिम (25) के रूप में हुई है। आरोपी मौके से फरार हो गया। जाफराबाद थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी शाहरुख की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, नाजिम अपने परिवार के साथ मौजपुर के अशोक मोहल्ला में रहता था। नाजिम अभी अविवाहित था। वह घर के पास ही चाय की दुकान चलाता था। दुकान से चंद कदमों की दूरी पर शाहरुख अपने परिवार के साथ रहता था। कुछ सालों पूर्व शाहरुख के पिता की मौत हो गई थी। इस दौरान उसे पता चला कि उसकी गैर मौजूदगी में नाजिम उसके घर आता-जाता है। उसके मां के साथ नाजिम के गलत संबंध हैं। इस बात पर पिछले माह शाहरुख ने नाजिम को पीटा था और जान से मारने की धमकी भी दी थी।
बृहस्पतिवार को आरोपी किसी काम से यूपी के बुलंदशहर गया था। इस दौरान उसके एक दोस्त ने कॉल कर बताया कि नाजिम उसके घर गया था। इस बात का पता चलते ही वह आग बबूला हो गया। शनिवार शाम को वह बुलंदशहर से लौटा तो सीधा पीड़ित की दुकान पर पहुंचा। लेकिन उस समय वह दुकान में नहीं था। रात करीब 8.30 वह अपनी दुकान पर बैठा था। इस बीच आरोपी पिस्टल लेकर दुकान में घुस गया। पहले उसने दुकान में तोड़फोड़ की। इसके बाद उसने पीड़ित के साथ मारपीट करते हुए उसके सीने में गोली मार दी।