नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग के यूजी-पीजी स्तर के पहले व तीसरे सेमेस्टर की ओपन बुक परीक्षाएं (ओबीई) 15 मार्च से शुरू हो रही हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को ओबीई से परिचित कराने के लिए एसओएल की ओर से ऑनलाइन जानकारी उपलब्ध कराई गई। इसके लिए ऑनलाइन परिचर्चा आयोजित की गई जिसमें विद्यार्थियों की ओबीई संबंधी शंकाओं को दूर किया गया। परिचर्चा का लाभ ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थी उठाएं, इसके लिए इसे यू-ट्यूब और वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है।
एसओएल के ओएसडी डॉ उमा शंकर पांडेय ने बताया कि यूजी-पीजी विद्यार्थियों के ओबीई को लेकर काफी सवाल होते हैं। जवाब नहीं मिलने पर वह इधर-उधर से प्राप्त करते हैं। इससे उन्हें भ्रामक जानकारी मिलती हैं। ऐसे में ये परिचर्चा आयोजित की गई जिससे विद्यार्थियों के सभी सवालों का समाधान हो सके।
इसमें डीन ऑफ कॉलेज डॉ बलिराम पाणि, डीन ऑफ एग्जामिनेशन डॉ डी.एस. रावत, ओएसडी एग्जामिनेशन डॉ अजय कुुमार अरोड़ा, डीयू कंप्यूटर सेंटर के संयुक्त निदेशक डॉ संजीव सिंह शामिल हुए। पोर्टल पर कैसे जाना है, कैसे पंजीकृत होना है, पेपर कैसे प्राप्त होगा, समेत अन्य जानकारी विद्यार्थियों को दी गई।
उन्होंने बताया कि संज्ञान में आया है कि कुछ कोचिंग संस्थान परीक्षा पर भ्रामक जानकारी फैला रहे हैं। वह छोटे-छोटे वीडियो डाल रहे हैं जिससे गलत जानकारी विद्यार्थियों के पास जा रही हैं। ऐसे में जरूरी था कि विद्यार्थियों की गलतफहमी दूर की जाए। अब इस परिचर्चा के वीडियो यू-ट्यूब व वेबसाइट पर अपलोड होंगे जिससे ज्यादा विद्यार्थी जानकारी प्राप्त कर सकें।
उन्होंने अपील की कि विद्यार्थी किसी भी जानकारी के लिए डीयू व एसओएल की अधिकृत वेबसाइट ही देखें। वहीं एसओएल ने परीक्षा के एडमिट कार्ड भी वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं।