पूर्वी दिल्ली। मयूर विहार में मेट्रो स्टेशन जा रही युवती से मोबाइल झपटने वाला गिरोह पुलिस के हाथ लग गया है। मयूर विहार थाना पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों फैजान उर्फ फैज, दिशान और शाहरुख उर्फ अम्मू को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से युवती से झपटा गया मोबाइल और चोरी की दो स्कूटी बरामद की हैं। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि आरोपी जिस स्कूटी से मोबाइल झपटकर भागे थे, वह भी चोरी की थी। हालांकि उस स्कूटी को पुलिस अभी बरामद नहीं कर सकी है।
डीसीपी पूर्वी दिल्ली राजीव कुमार के अनुसार, सात नवंबर को अनु नाम की युवती ने मोबाइल झपटमारी की शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि वह शाम करीब 4:45 बजे अपने कार्यालय से मयूर विहार एक्सटेंशन मेट्रो स्टेशन की ओर जा रही थी। पेट्रोल पंप के पास स्कूटी सवार एक युवक उनके हाथ से मोबाइल झपटकर पेट्रोल पंप के सामने वाली सड़क की ओर चला गया। शिकायत पर मयूर विहार थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। ब्यूरो