अवैध रूप से पटाखे बेचने और सप्लाई करने वालों के खिलाफ दिल्ली पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने पटाखा बेचने और सप्लाई करने वाले छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने 2,311 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं।
विज्ञापन
17 अक्तूबर को द्वारका जिला पुलिस को उत्तम नगर और रावता मोड़ इलाके में तीन दुकानों में प्रतिबंधित पटाखे बेचे जाने की जानकारी मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने हस्तसाल रोड, उत्तम नगर, मेन नजफगढ़ रोड के पास और डाबर एन्क्लेव, रावता मोड़ स्थित दुकानों में छापेमारी की। हस्तसाल रोड स्थित दुकान से पुलिस ने शंकी, दूसरी दुकान से सुरेश तारेजा और तीसरी दुकान से राकेश कुमार को पटाखा बेचने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से पुलिस ने 224 किलो अवैध पटाखा बरामद किए। अंबेडकर नगर थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1193 किलो पटाखे बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है।
17 अक्तूबर को गश्त के दौरान पुलिस ने मदनगीर इलाके से पुलिस ने संजय को पकड़ा। वह एक प्लास्टिक बैग लेकर जा रहा था। बैग की तलाशी लेने पर उसमें पटाखे मिले। वहीं दक्षिण जिला की नारकोटिक्स दस्ता ने सागर नाम के युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 283 किलो पटाखे बरामद किए।
विज्ञापन
पुलिस को मदनगीर के सेंट्रल मार्केट में पटाखे बेचने की जानकारी मिली थी। पुलिस ने वहां दबिश देकर सागर को गिरफ्तार कर लिया। वेलकम थाना पुलिस ने शाहदरा इलाके में अवैध पटाखे की खेप सप्लाई करने वाले टेंपो चालक को गिरफ्तार किया है। चालक बुराड़ी से पटाखे की खेप लेकर शाहदरा जा रहा था। उसके कब्जे से 611 किलो पटाखे बरामद हुए हैं। गिरफ्तार टेंपो चालक की पहचान कमालपुर बुराड़ी निवासी कपिल के रूप में हुई है।