दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) से संबद्ध स्वामी श्रद्धानंद कॉलेज के हिंदी विभाग में कार्यरत सहायक प्रोफेसर डॉ. गोपाल लाल मीणा को प्रदर्शन करने को लेकर नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि गत नौ व 10 जून को प्रिंसिपल कार्यालय में प्रदर्शन करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए। उन्हें जवाब देने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। डॉ. मीणा पदोन्नति न मिलने पर नाराज होकर विरोध में कॉलेज में धरने पर बैठ गए थे।
दिल्ली टीचर्स एसोसिएशन (डीटीए) ने पदोन्नति नहीं किए जाने की निंदा की है। डीन ऑफ कॉलेज से इस प्रकरण की उच्च स्तर पर जांच कराने की मांग की थी। दूसरी ओर मामले पर संज्ञान लेते हुए कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. प्रवीण गर्ग ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।
नोटिस में उनके द्वारा गत नौ जून दोपहर एक बजे से 10 जून की रात एक बजे तक प्रिंसिपल कार्यालय में जबरन प्रदर्शन करने की बात कही गई है। इस दौरान उनके साथ कुछ बाहरी साथी भी शामिल थे। वहीं, उनके द्वारा सीसीटीवी कैमरे से छेड़छाड़ करने और डीवीआर से रिकॉर्डिंग डिलीट करने की भी बात है। साथ ही ऑफिस के एसी को नुकसान पहुंचाने के साथ जरूरी फाइलें गायब करने का भी आरोप है।