फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi News: शांति पथ और अफ्रीका एवेन्यू भी बनेंगे प्रदूषण मुक्त, मिलेगा शुद्ध वातावरण

विज्ञापन
विज्ञापन
मिस्ट स्प्रेयर योजना का विस्तार करेगी एनडीएमसी
विज्ञापन


अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए मिस्ट स्प्रेयर योजना का विस्तार करेगी। लोदी रोड पर पहले चरण की सफलता के बाद अब यह तकनीक शांति पथ और अफ्रीका एवेन्यू जैसे प्रमुख क्षेत्रों में भी लागू की जा रही है, जिससे क्षेत्र को स्वच्छ, हरित बनाने और प्रदूषण मुक्त बनाने में मदद मिलेगी।
एनडीएमसी मिस्ट स्प्रेयर प्रणाली बिजली के खंभों पर स्थापित कर रही है, जोकि वायु में मौजूद धूलकणों व प्रदूषकों को सूक्ष्म जलकणों के माध्यम से नीचे गिराने का कार्य करती है। इससे वायु गुणवत्ता में सुधार होता है और नागरिकों को शुद्ध वातावरण मिलता है। यह तकनीक खासतौर पर घनी आबादी और अत्यधिक यातायात वाले क्षेत्रों में अधिक प्रभावी मानी जा रही है। लोदी रोड पर पहले चरण में 500 मीटर लंबे खंड में 15 खंभों पर मिस्ट स्प्रेयर लगाए गए थे, इस पर 34 लाख का व्यय हुआ था। परियोजना को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने पर अब दूसरे चरण में अफ्रीका एवेन्यू और शांति पथ में इसे लागू किया जा रहा है।
विज्ञापन

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि अफ्रीका एवेन्यू में 850 मीटर क्षेत्र में 30 खंभों पर मिस्ट स्प्रेयर लगाए जाएंगे। प्रत्येक खंभे पर पांच नोजल होंगे और प्रत्येक नोजल में छह छिद्र होंगे। इस तरह प्रति खंभा 30 बिंदुओं से जल का छिड़काव होगा। यह प्रणाली प्रति खंभा प्रति घंटे लगभग 84 लीटर उपचारित जल का उपयोग करेगी। इसके लिए 5,000 लीटर क्षमता के चार टैंक भी लगाए जाएंगे। इसी तरह शांति पथ के 900 मीटर खंड में भी यही व्यवस्था लागू की जा रही है, जिसे जुलाई-अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य है।
विज्ञापन

दूसरी ओर, चहल ने बताया कि एनडीएमसी पहले से ही प्रदूषण नियंत्रण के लिए कई आधुनिक उपाय अपना रही है। मैकेनिकल रोड स्वीपर्स को जीपीएस ट्रैकिंग से जोड़ा गया है और स्मार्ट सिटी कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के जरिये निगरानी की जा रही है। इसके अलावा एंटी स्मॉग गन और मिस्ट मशीनों का भी धूल नियंत्रण में नियमित उपयोग हो रहा है। वहीं उपचारित जल से पौधों की सिंचाई, हरित पट्टियों की देखभाल और निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण जैसे प्रयासों के साथ हरियाली बढ़ाने में भी अग्रणी भूमिका निभाई जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें