एफवाईयूपी के समर्थन में 1542, विरोध में 9000 मिले वोट
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में चार वर्षीय स्नातक प्रोग्राम (एफवाईयूपी) शुरू हुए एक साल हो गया है। इस प्रोग्राम को लेकर वामपंथी संगठन विरोध जताते आ रहे हैं। ऐसे में शुक्रवार को छात्र संगठन एसएफआई ने डीयू के कॉलेजों में प्रथम और द्वितीय वर्ष के स्नातक छात्रों के बीच एफवाईयूपी पर एक जनमत संग्रह कराया। 26 कॉलेजों में बूथ लगाए गए, जहां छात्रों ने अपनी मतदान पर्चियां जमा कीं।
इस जनमत संग्रह में कुल 10,604 मतपत्र प्राप्त हुए, जिसमें से 10,542 मान्य रहे। इनमें से एफवाईयूपी का समर्थन 1542 छात्रों और 9000 छात्रों ने इसके विरोध में मत दिया। एसएफआई डीयू सह-संयोजक अदिति त्यागी ने कहा कि केंद्र सरकार और प्रशासन दावा करता रहता है कि यह नीति छात्रों के लाभ के लिए है, लेकिन वे छात्रों से बात करने और उनकी वास्तविक राय सुनने को तैयार नहीं हैं। इस जनमत संग्रह से छात्रों की राय स्पष्ट है कि अधिकांश लोग चार साल का यूजी कार्यक्रम नहीं चाहते हैं।