दरियागंज में बृहस्पतिवार तड़के ओला कैब चालक सब्जी मंडी के सामने दो बुजुर्गों को टक्कर मारकर घसीटते हुए 30 मीटर दूर तक ले गया। हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत बेहद नाजुक है। मृतक की शिनाख्त कल्लू (62) के रूप में हुई है, वहीं हादसे में घायल कांता भाई (68) को पहले एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां से आरएमएल रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद पुलिस ने आरोपी कैब चालक हरियाणा के महेंद्रगढ़ के नारनौल निवासी सचिन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि हादसे के समय उसने मोबाइल पर नैविगेशन लगा रखा था, इसी दौरान रास्ता देखने से ध्यान भटक गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, कल्लू परिवार के साथ सीमापुरी में रहते थे। परिवार में दो बेटे व दो बेटियां हैं। कल्लू दरियागंज सब्जी मंडी के बाहर फुटपाथ पर सब्जियां बेचते थे। जहांगीरपुरी के रहने वाले कांता भाई भी कल्लू के बराबर में सब्जियां बेचते हैं। बृहस्पतिवार तड़के करीब 3.45 बजे दोनों फुटपाथ पर सब्जियां रख रहे थे। इस दौरान दिल्ली गेट की ओर से आई ओला कैब ने कल्लू व कांता को टक्कर मार दी और 30 मीटर दूर तक घसीटता ले गया। हादसे के वक्त कैब में एक महिला समेत तीन सवारियां बैठी हुई थीं।
पुलिस उपायुक्त जसमीत सिंह ने बताया कि एक राहगीर ने दरियागंज थाने में हादसे की सूचना दी। बाद में घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां कल्लू को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी कैब चालक को पकड़ लिया।
आरोपी ने बताया कि वह गोद में मोबाइल रखकर नैविगेशन की मदद से रास्ता देख रहा था। अचानक ध्यान भटकने से कार नियंत्रण से बाहर हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मेडिकल में आरोपी के शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई है।