रचनात्मक लेखनी से ही ‘परीक्षा पे चर्चा’ में ले पाएंगे हिस्सा
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं व बारहवीं की परीक्षाएं फरवरी के मध्य से शुरू होनी हैं। इससे पहले जनवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परीक्षा पे चर्चा कर परीक्षा का तनाव दूर करेंगे। अगले माह जनवरी में परीक्षा पे चर्चा का छठा संस्करण आयोजित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले बच्चों का चयन एक ऑनलाइन रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता (क्रिएटिव राइटिंग) के माध्यम से किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में बच्चों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना है। रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता के माध्यम से करीब दो हजार बच्चों का चयन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता नौवीं कक्षा से बारहवीं तक के छात्रों, अभिभावकों व शिक्षकों के लिए हैं। इस संबंध में सीबीएसई ने स्कूलों को एक सर्कुलर जारी किया है। इसमें स्कूलों को कहा गया है कि वह इस प्रतियोगिता में छात्रों का अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित करें। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर से शुरू हो चुकी है, 30 दिसंबर तक आवेदन किया जा सकेगा।