शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफा देने का दिया झांसा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पश्चिम जिले के विकासपुरी में शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफा देने का झांसा देकर सेवानिवृत्त बैंक कर्मी से 33.24 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने सेवा शुल्क के नाम पर उनसे और रुपयों की मांग की। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत की।
पश्चिम जिला साइबर सेल मामला दर्ज कर जालसाजों की पहचान करने में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, राकेश कुमार परिवार के साथ विकासपुरी एक्सटेंशन में रहते हैं। 4 अक्तूबर को उन्होंने पश्चिम जिला साइबर सेल में शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 33.24 लाख रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत की। दर्ज प्राथमिकी में बताया कि वह केनरा बैंक से सेवानिवृत्त हैं। वह केनरा बैंक और जीरोधा एप्लीकेशन के जरिए शेयर बाजार में निवेश करते थे। 10 जून को आरोही पटेल नाम की एक महिला ने उनके व्हाट्सएप पर फोन किया और खुद को शेयर बाजार में निवेश की सलाह देने वाली एक कंपनी का निवेश सहयोगी बताया। फिर उन दोनों की कुछ दिनों तक बात हुई। फिर महिला ने उन्हें शेयर बाजार में भारी मुनाफा कमाने में मदद करने का आश्वासन दिया। उसने कुछ ऐसे शेयरों के बारे में बताया जो बाजार में 10 रुपये के अंकित मूल्य पर सूचीबद्ध थे लेकिन वही शेयर उनकी कंपनी की ओर से केवल 6 रुपये में उपलब्ध कराए गए। विश्वास जीतने के बाद महिला ने उन्हें कंपनी के एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा, जिसमें महिला के साथ कंपनी के एमडी भी थे। उसने लिंक भेजकर एक एप्लिकेशन डाउनलोड करवाया। उसके बाद वह खाते में पैसा जमा करने लगे।
कुछ समय बाद एप्लिकेशन पर बहुत अधिक लाभ दिखाया गया। पीड़ित ने पैसे निकालने की अनुमति मांगी तो बताया गया कि पैसों को अन्य शेयरों में निवेश कर दिया गया है। 33.24 लाख रुपये ट्रांसफर होने के बाद पीड़ित ने निवेश नहीं करने और पैसे वापस करने के लिए कहा तब आरोपी महिला ने उन्हें सेवा शुल्क के तौर पर 52 लाख रुपये देने के लिए कहा। पीड़ित को ठगी का अहसास होने के बाद नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत की।