नई दिल्ली। साकेत कोर्ट ने श्रद्धा वालकर हत्याकांड के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला को जेल में मिल रहीं धमकियों के मामले में तिहाड़ जेल के अधीक्षक को तलब किया है। कोर्ट ने जेल अधीक्षक से पूछा है कि आफताब की सुरक्षा के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं। उन्हें छह नवंबर को कार्रवाई की रिपोर्ट के साथ अदालत में पेश होने का आदेश दिया गया है।
विज्ञापन
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हरगुरवरिंदर सिंह जग्गी की अदालत ने यह आदेश दिया। सुनवाई के दौरान आफताब के वकील अक्षय भंडारी ने बताया कि अदालत के निर्देश के बाद भी उसे दूसरे कैदियों से धमकियां मिल रही हैं। इस पर अदालत ने जेल प्रशासन से जवाब मांगा है। छह नवंबर को आफताब को भी वीडियो कॉल के जरिये अदालत में पेश किया जाएगा। इससे पहले दो नवंबर को आफताब ने अदालत को बताया था कि जेल में कुछ कैदी उसे करीब 10 दिनों से धमका रहे हैं। उसने जेल नंबर 4ए में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। संवाद