नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने बृहस्पतिवार को पूर्व अभिनेत्री और रिलायंस समूह के अध्यक्ष अनिल अंबानी की पत्नी टीना अंबानी की एक याचिका पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन और गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) से जवाब मांगा है। उन्होंने अपने खिलाफ जारी लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) का खुलासा करने की मांग की है। यह एलओसी उन्हें विदेश यात्रा से रोकने के लिए जारी किया गया है। न्यायमूर्ति मिनी पुष्कर्णा ने सरकारी एजेंसियों को नोटिस जारी किया।
टीना अंबानी ने अदालत से एजेंसियों को यह निर्देश देने की मांग की है कि उनके खिलाफ जारी और प्रभावी किसी भी एलओसी की जानकारी दी जाए, क्योंकि वे दोस्तों और परिवार से मिलने के लिए थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात, ओमान और भूटान की यात्रा करना चाहती हैं। टीना अंबानी की ओर से पेश अधिवक्ता अर्शदीप सिंह खुराना ने कहा कि दो एजेंसियों ने मुझे समन किया था एसएफआईओ और ईडी। अब कोई समन लंबित नहीं है और उन्होंने मुझे नहीं बुलाया है। वहीं ईडी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता जोहेब हुसैन ने कहा कि दो समन भेजे गए थे, लेकिन वह एक बार भी उपस्थित नहीं हुईं। खुराना ने जवाब दिया कि उनकी मुवक्किल उस समय रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर से पीड़ित थीं और बाद में उन्होंने अधिकारियों को लिखकर बताया था कि वे उपस्थित होने के लिए तैयार हैं। मामले की अगली सुनवाई 4 दिसंबर को होगी। ब्यूरो