रांची, ओखा, इंदौर और भावनगर रूट की ट्रेनें जुलाई अंत तक चलेंगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गर्मी की छुट्टियों और त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि जुलाई-अगस्त तक बढ़ा दी है। इन ट्रेनों को पहले जून के अंत तक चलाया जाना था, लेकिन मांग को देखते हुए 4 से 9 अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि रांची, गुजरात और मध्य प्रदेश से दिल्ली-एनसीआर आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या जून-जुलाई में काफी बढ़ जाती है। स्कूलों की छुट्टियां, सावन और रक्षाबंधन की एडवांस बुकिंग को देखते हुए रेलवे ने यह फैसला लिया। इन ट्रेनों में स्लीपर और जनरल कोच की उपलब्धता से वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि इन ट्रेनों के समय, स्टॉपेज और कोच व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
पहली ट्रेन रांची-आनंद विहार टर्मिनल साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को 02877 रांची से 25 जुलाई तक हर शनिवार और 02878 आनंद विहार से 26 जुलाई तक हर रविवार चलाने का निर्णय लिया है। दोनों ट्रेनों के कुल 4-4 फेरे बढ़े हैं। पहले इस ट्रेन का 27-28 जून को अंतिम फेरा था।
दूसरी ट्रेन ओखा-शकूर बस्ती साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन नंबर 09523 है। यह ओखा से 30 जून की जगह अब 28 जुलाई तक हर मंगलवार और 09524 शकूर बस्ती से 1 जुलाई की जगह 29 जुलाई तक हर बुधवार चलेगी। ट्रेनों के 4-4 फेरे बढ़ाए गए हैं। तीसरी ट्रेन इंदौर-हजरत निजामुद्दीन द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन नंबर 09309 है। यह ट्रेन इंदौर से 28 जून की जगह 31 जुलाई तक हर शुक्रवार-रविवार और 09310 निजामुद्दीन से 29 जून की जगह 1 अगस्त तक हर शनिवार-सोमवार चलेगी। दोनों ट्रेनों के अप एंड डाउन 9-9 फेरे बढ़े हैं। चौथी ट्रेन भावनगर-शकूर बस्ती साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन नंबर 09257 भावनगर से 26 जून की जगह 31 जुलाई तक हर शुक्रवार और 09258 शकूर बस्ती से 27 जून की जगह 1 अगस्त तक हर शनिवार चलेगी। दोनों ट्रेनों के अप एंड डाउन 5-5 ट्रिप बढ़ाए गए हैं।