दिल्ली के सरकारी स्कूलों में दसवीं व बारहवीं कक्षा में नॉन प्लॉन दाखिले के लिए बुधवार से ऑनलाइन पंजीकरण की शुरुआत हो गई। कोरोना महामारी के कारण दाखिले केलिए ऑनलाइन पंजीकरण ही किया जा रहा है। ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 जुलाई है। रिक्त सीट की उपलब्धता के आधार पर पंजीकरण फॉर्म में आवेदक की ओर से चयनित किया गया निकटतम स्कूल छात्रों को आवंटित किया जाएगा। इसकेलिए पास के स्कूलों में सेंट्रलाइज्ड हेल्प डेस्क की सुविधा भी दी गई है।
ऑनलाइन पंजीकरण के लिए शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट पर लिंक उपलब्ध कराया गया है। फॉर्म को इस तरह से डिजाइन किया गया है, जिससे कोई भी अपने स्मॉर्ट फोन से भी फॉर्म को भर सकता है। शिक्षा निदेशालय ने सलाह दी है कि अभिभावक घर केपास के ही स्कूल का ध्यानपूवर्क चयन करें। दाखिले के लिए अधिकतम व न्यूनतम आयु भी तय की गई है। हालांकि स्कूल प्रमुखों को अधिकतम व न्यूनतम आयु सीमा में छ: माह की छूट देने का अधिकार होगा।
स्कूल आवंटित हो जाने के बाद 30 जुलाई से 07 अगस्त केबीच उन्हें दस्तावेज जमा कराने होंगे। अभिभावकों को यदि फॉर्म भरने में परेशानी व अन्य जानकारी के लिए हेल्पलाइन पर 1800116888, व 10580 पर सुबह 7.30 बजे से शाम 7.00 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।
वहीं सुबह की पाली के स्कूलों में हेल्पडेस्क पर सुबह 9 बजे से 12 बजे तक व शाम की पाली के लिए दोपहर 1.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि सरकारी स्कूलों में नॉन प्लॉन दाखिलों के तहत किसी भी छात्र को दाखिला दिया जा सकता है जो कि किसी अन्य स्कूल से इन स्कूलों में दाखिला लेना चाह रहा हो।
बारहवीं में दाखिले के लिए दसवीं में विषयों के हिसाब से अंकों की अनिवार्यता
दसवीं बारहवीं में दाखिले के लिए विद्यार्थी का पिछली कक्षा में पास होना अनिवार्य है। इसकेसाथ ही बारहवीं में दाखिले के लिए दसवीं के विभिन्न विषयों के हिसाब से अंकों की अनिवार्यता की गई है। साइंस के साथ गणित स्ट्रीम में दाखिले के लिए दसवीं में 55 फीसदी अंकों की अनिवार्यता की गई है। इस स्ट्रीम केलिए अंग्रेजी, गणित व साइंस में पचास फीसदी अंक जरुरी है। इसी तरह से बिना गणित के साइंस स्ट्रीम लेने पर 55 फीसदी अंक की अनिवार्यता है लेकिन गणित में 40 फीसदी अंक जरुरी है।
इसी तरह से गणित के साथ कॉमर्स स्ट्रीम के लिए पचास फीसदी अंक जरुरी है। अंग्रेजी व सोश्ल साइंस में 45, व गणित में 50 अंक जरुरी है। जबकि बिना गणित के साथ कॉमर्स केलिए 50 अंक और अंग्रेजी-हिंदी सोश्ल साइंस में 45 अंक जरुरी है। ह्यूमेनिटीज स्ट्रीम की पढ़ाई के लिए विद्यार्थी का दसवीं में पास होना जरुरी है। जबकि अर्थशास्त्र विषय लेने के लिए कुल अंक 45 फीसदी व गणित विषय लेने के लिए कुल अंक 50 फीसदी होने चाहिए।