नई दिल्ली। राजधानी में एक सप्ताह से कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को भी सर्वाधिक 5739 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई, जबकि 27 मरीजों की मौत हो गई। राहत की बात यह है कि 4138 रोगियों ने कोरोना को मात दे दी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, कुल संक्रमितों की संख्या 3,75,573 हो गई है। इनमें 3,38,378 ठीक हो चुके हैं और 6423 लोग जान गंवा चुके हैं। सक्रिय मामले बढ़कर 30952 हो गए हैं। इनमें 18069 मरीजों का घर पर इलाज चल रहा है। कोविड अस्पतालों में 5854 मरीज भर्ती हैं। वहीं, कोविड केयर केंद्र में 953 और स्वास्थ्य केंद्र में 337 मरीजों का इलाज चल रहा है।
विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में 60124 जांच की गई। इस दिन की संक्रमण दर बढ़कर 9.55 हो गई। दिल्ली में प्रति 10 लाख की आबादी पर 240880 जांच की जा रही हैं। अब तक 45,767,24 टेस्ट किए जा चुके हैं। कंटेनमेंट जोन बढ़कर 3113 हो गए हैं।
दो सप्ताह से बढ़ रही है संक्रमण दर
संक्रमण दर दो सप्ताह से लगातार बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को यह 9.55 फीसदी रही, जो दो महीने में सबसे ज्यादा है। कुल संक्रमण दर 8.21 फीसदी हो गई है। छह अक्तूबर को यह दर 4.99 फीसदी रह गई थी। इसके बाद से लगातार इजाफा हो रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि आरटी-पीसीआर जांच बढ़ने से अब पहले के मुकाबले अधिक लोग संक्रमित मिल रहे हैं। इस कारण भी संक्रमण दर बढ़ रही है।