नई दिल्ली। इंडियन काउंसिल ऑफ कल्चर रिलेशंस (आईसीसीआर) 3 अक्तूबर को ‘वीविंग रिलेशंस : टेक्सटाइल ट्रेडिशंस’ विषय पर अंतरराष्ट्रीय वेबिनार आयोजित कर रहा है। आईसीसीआर के अध्यक्ष विनय सहस्रबुद्धे ने बुधवार को मीडिया को बताया कि इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संदेश के माध्यम से करेंगे। मुख्य अतिथि भूटान की रॉयल महारानी आशु सांग चोडेन वांगचुक होंगी। समारोह में कोरिया की प्रथम महिला एचई किम जंग-सूक और बांग्लादेश के कपड़ा मंत्री भी शिरकत करेंगे।
सहस्रबुद्धे के मुताबिक, पिछले तीन साल से आईसीसीआर अलग-अलग देशों के साथ सांस्कृतिक, आर्थिक व रणनीतिक संबंधों पर काम कर रहा है। इस बार के वेबिनार में 12 से अधिक देश भाग लेंगे। इसमें बहरीन, श्रीलंका, इंडोनेशिया, उजबेकिस्तान व थाइलैंड सरीखे देशों के लिए अपनी तरह का पहला अनुभव होगा।
इस दौरान विभिन्न सत्रों के दौरान वस्त्र उद्योग को लेकर आने वाली चुनौतियों पर चर्चा होगी। वेबिनार का उद्देश्य कपड़ा कारीगरों, बुनकरों और शिल्पकारों की कलाओं को एक से दूसरी जगह पहुंचाना है। भारत की टेक्सटाइल से जुड़ी परंपराएं बताती हैं कि इसने पुराने समय में भारत के दूसरे देशों के साथ संबंधों में अहम भूमिका अदा की है। भारत एक बार फिर इस हुनर को दुनिया के सामने रखने जा रहा है। दूसरे देशों के साथ संबंध सघन करने में यह मददगार साबित होगा।