सरकार पर दोहरे मापदंड का आरोप लगाया, कहा-सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बंदी छोड़ दिवस पर दिल्ली के पंथक संगठनों और सिख श्रद्धालुओं ने तिहाड़ जेल के बाहर बंदी सिंघों की रिहाई के लिए सामूहिक अरदास की। इस मौके पर शिरोमणी अकाली दल (दिल्ली) के अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना और दिल्ली कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मनजीत सिंह जीके ने सरकार पर बंदी सिंघों की रिहाई में देरी को लेकर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।
सरना ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री की ओर से संसद में भाई बलवंत सिंह राजोआना की रिहाई पर दिए गए बयान से सरकार सिखों के साथ न्याय नहीं करने की बात स्पष्ट होती है। उन्होंने कहा कि यह फैसला बदला जा सकता है, यह कुरान की आयत नहीं है। वहीं जीके ने कहा कि 30 साल से अधिक सजा काट चुके सिंघों को भी रिहाई नहीं मिलना सरकार की संवेदनहीनता दर्शाता है। मानवाधिकार कार्यकर्ता डॉ. परमिंदर पाल सिंह ने बताया, दिल्ली हाईकोर्ट ने 15 अक्तूबर को दिल्ली सरकार को भाई दविंदर पाल सिंह भुल्लर की रिहाई पर निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से सजा समीक्षा बोर्ड की तत्काल बैठक बुलाकर फैसला करने की अपील की। अरदास में दिल्ली कमेटी के सदस्य, सिंह सभाओं के प्रतिनिधि और सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
बंदी सिखों की रिहाई करे केंद्र सरकार: बीबी रणजीत कौर
नई दिल्ली। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की वरिष्ठ सदस्य और जीटीबीटी की अध्यक्ष बीबी रणजीत कौर ने केंद्र सरकार से अपील की है कि गुरु तेग बहादुर साहिब की 350वीं शहादत वर्षगांठ के अवसर पर लंबे समय से जेलों में बंद सिख बंदियों को रिहा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह कदम गुरु साहिब और उनके शहीद सिख साथियों भाई सती दास, भाई मती दास और भाई दयाला की शहादत को सच्ची श्रद्धांजलि होगा।
बीबी रणजीत कौर ने कहा कि जून 1984 में श्री दरबार साहिब और अन्य गुरुद्वारों पर हुए हमले ने सिख पंथ को गहराई से आहत किया था। उस दौर में विरोध के रूप में कई सिख युवकों ने विद्रोह किया और उनमें से कई आज भी अपनी सजा पूरी करने के बाद भी जेलों में बंद हैं। उन्होंने कहा कि इन सिखों ने अपनी जवानी जेलों में गुजार दी और अब समय आ गया है कि उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाया जाए।