नई दिल्ली। रोहिणी के सेक्टर-6 स्थित डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में अपेंडिक्स के इलाज के दौरान जान गंवाने वाले 26 वर्षीय आशीष के शव का बुधवार को मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम किया जाएगा। परिजनों ने अस्पताल पर चिकित्सीय लापरवाही का आरोप लगाया है। इस मामले की जांच रोहिणी नॉर्थ थाना पुलिस कर रही है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से गठित मेडिकल बोर्ड पोस्टमार्टम करेगा लेकिन परिवार वालों ने एम्स में पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया था। रोहिणी के सेक्टर-7 के अवंतिका में रहने वाले मृतक आशीष के भाई एकांश ने बताया कि अस्पताल में अपेंडिक्स के दर्द के उपचार के लिए उसका 29 अक्तूबर की रात को पहला ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के कुछ घंटों बाद उसकी हालत खराब हो गई थी। फिर डॉक्टरों ने उसे निगरानी में रखा। 31 अक्तूबर को दोबारा ऑपरेशन करने के लिए डॉक्टरों ने हां और न में जवाब मांगा और खाली पेज पर हस्ताक्षर करवाए। कागज पर मरीज की स्थिति को लेकर कोई ब्योरा नहीं था। ऑपरेशन के बाद उसे आईसीयू में रखा गया। डॉक्टरों ने कहा कि मरीज की रिकवरी हो रही है। मुख्य डॉक्टर ने मरीज के 50 फीसदी खतरे से बाहर होने की जानकारी दी। मगर, शाम को भाई से आईसीयू में मुलाकात हुई थी वह ठीक ढंग से बात नहीं कर पा रहा था। आईसीयू का स्टाफ कह रहा था कि नींद का इंजेक्शन लगा देंगे तो आराम से सो जाएगा, लेकिन फिर सुबह उसकी मौत हो जाने की जानकारी मिली। ब्यूरो