फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती: नशे में धुत युवकों ने किया पुलिसकर्मियों पर हमला, सिपाही अस्पताल में भर्ती

Wed, 22 Mar 2023 06:59 PM IST
Digvijay Singh अमर उजाला ब्यूरो, दिल्ली

सार

सरकारी काम में बाधा, ड्यूटी के दौरान हमला और बदसलूकी के अलावा मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मध्य दिल्ली के नबी करीम इलाके में शराब के नशे में धुत तीन युवकों ने पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। आधी रात को तीनों युवक एक ही बाइक पर बिना हेलमेट के जा रहे थे। जांच के लिए रोकने पर आरोपी पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी करने लगे। विरोध करने पर आरोपी खुद को अधिवक्ता बताकर कुछ न बिगाड़ पाने की बात करने लगे।

विज्ञापन

हमले के दौरान सिपाही लोकेश कुमार जख्मी हो गए। उनको नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। थाने से आए बाकी स्टाफ ने आरोपियों को काबू किया। इनकी पहचान न्यू गुप्ता कालोनी, मॉडल टाउन निवासी मनप्रीत सिंह (28), रजत चोपड़ा (28) और ऋषभ कश्यप (30) के रूप में हुई है। इनके खिलाफ ड्यूटी के दौरान हमला, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

 


पुलिस के मुताबिक सिपाही लोकेश कुमार नबी करीम थाने में तैनात है। 20 मार्च को उसकी ड्यूटी सिपाही चेतराम के साथ वाई-प्वाइंट, डीबीजी रोड पर थी। रात करीब 2.30 बजे पहाड़गंज लाल बत्ती की ओर से एक बाइक बहुत तेज रफ्तार से पिकेट की ओर आ रही थी। बाइक पर तीन युवक बिना हेलमेट के मौजूद थे। लोकेश ने उनको डंडा का इशारा कर रुकने के लिए कहा।

 

विज्ञापन

तीनों का बाइक रोकने का कोई इरादा नहीं था। लोकेश ने तीनों को पकड़ने की कोशिश की तो आरोपियों ने पिकेट से कुछ दूर जाकर बाइक रोकी और लोकेश के पास  पहुंचे। उस समय चेतराम पहाड़गंज पुल के पास किसी काम से गया था। आते ही तीनों आरोपियों ने लोकेश से बदसलूकी शुरू कर दी। लोकेश ने तीनों से बिना हेलमेट और एक ही बाइक पर सवार होने के बारे में पूछा तो वह भड़क गए।

 


आरोपी मनप्रीत ने बताया की वह वकील है, पुलिस उनका कुछ नहीं बिगड़ सकती। इसके बाद इन लोगों ने धक्का मुक्की कर लोकेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एसआई संसारपाल गश्त करते हुए जिप्सी से वहां आ गए। तीनों को गाड़ी में बिठाने का प्रयास किया गया तो इन लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। बड़ी मशक्कत के बाद तीनों को काबू कर गाड़ी में बिठाया गया।

 

बाद में सभी को थाने लाया गया। इनके खिलाफ सरकारी काम में बाधा, ड्यूटी के दौरान हमला और बदसलूकी के अलावा मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें