दिल्ली पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना से जुड़ी दवाईयों, उपकरण और ऑक्सीजन सिलिंडर की काला बाजारी के नए-नए मामले सामने आ रहे हैं। बाहरी जिला पुलिस ने पश्चिम जिला प्रशासन की टीम के साथ मिलकर एक ऐसे गिरोह का भांडाफोड़ किया है जो पंजाब से ऑक्सीजन सिलिंडर एंबुलेंस में लाकर दिल्ली में मुंहमांगी रकम में बेच रहे थे।
आरोपियों की पहचान दिल्ली पश्चिम विहार निवासी विनय कुमार (45) और फरीदकोट पंजाब निवासी केवल सिंह (42) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 20-20 किलो क्षमता वाले छह सिलिंडर व एक एनजीओ की एंबुलेंस बरामद हुई है। आरोपी सिलिंडर को 28 से 35 हजार रुपये के बीच बेचते थे।
पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनकी टीम को सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग ऑक्सीजन सिलिंडर की काला बाजारी कर उनको ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं।
इस दौरान डीएम वेस्ट को खबर मिली कि कुछ लोग एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलिंडर लेकर पश्चिम विहार की ओर जाने वाले हैं। सूचना के बाद पुलिस व जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने ए-4 पश्चिम विहार में एंबुलेंस को जांच के लिए रोका। उसमें छह सिलिंडर बरामद हुए।