नई दिल्ली। भलस्वा डेयरी इलाके में तीन साल की बच्ची का लॉकेट लूटने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लॉकेट बरामद कर लिया है। दादा के साथ बाजार गई बच्ची के गले से लॉकेट लूटकर बदमाश फरार हो गए थे। जिला पुलिस उपायुक्त गौरव शर्मा ने बताया कि बदमाशों की पहचान मोहम्मद नाजिम और सागर के रूप में हुई है।
भलस्वा डेयरी इलाके में रहने वाले शैलेश बुधवार को अपनी तीन साल की पोती के साथ बाजार गए थे। इसी दौरान दो युवकों ने उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया और उनकी पोती के गले से लॉकेट लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और फिर बदमाशों को घटना के 48 घंटे के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक दोनों बदमाशों पर कई मामले दर्ज हैं।